धनबाद: कोयला नगर स्थित बीसीसीएल सामुदायिक भवन में शनिवार को एक दिवसीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटारा किया गया। लोक अदालत में कुल 15 अरब 67 करोड़ 25 लाख 20 हजार 215 रुपये से जुड़े मामलों का समाधान किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच करीब 1 अरब 66 करोड़ 34 लाख 63 हजार रुपये की परिसंपत्तियां, नियुक्ति पत्र और अन्य लाभ वितरित किए गए। इससे बड़ी संख्या में लाभुक परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से फायदा मिला।
न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने किया जागरूक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से कानून के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने, युवाओं को नशे से दूर रखने और छोटे-मोटे विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बीसीसीएल प्रबंधन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को कम समय में सुलभ और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना रहा।
















