,

धनबाद में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण का पहला चरण पूरा, 5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

JP Bharat Shareधनबाद: धनबाद जिले में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर सर्वे, फॉर्म…

JP Bharat Share

धनबाद: धनबाद जिले में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर सर्वे, फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब 5 अगस्त 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इस अवधि में नए पात्र मतदाता अपना नाम जुड़वा सकेंगे, छूटे हुए मतदाता आवेदन कर सकेंगे तथा मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य त्रुटियों में सुधार कराया जा सकेगा। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन के तहत झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों के 9 मतदान केंद्र तथा सिंदरी का 1 मतदान केंद्र बंद किया गया है। वहीं जिन बूथों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक थी, उन्हें विभाजित कर नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, धनबाद जिले में कुल 21,15,997 मतदाता हैं। बीएलओ द्वारा वितरित फॉर्मों में से 4,63,794 फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए, जिनमें बड़ी संख्या शिफ्ट हो चुके, अनुपस्थित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की है। झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित लोगों के नाम भी दावा-आपत्ति अवधि के दौरान उनके नए निवास स्थान के अनुसार मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि समय पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने वाले बीएलओ, विशेष रूप से टुंडी प्रखंड के कर्मियों को 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने नाम की जांच करें और आवश्यकता होने पर समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराकर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports