रांची: सावन माह के प्रथम दिन राजधानी रांची स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में गुरुवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सावन के पावन अवसर पर पहाड़ी मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा, फूलों और धार्मिक सजावट से भव्य रूप दिया गया है। मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिर के मुख्य द्वार पर स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा के दर्शन के लिए भी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही पेयजल, चिकित्सा सहायता, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सावन के पहले दिन पहाड़ी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर भगवान भोलेनाथ के प्रति लोगों की अटूट आस्था और श्रद्धा का परिचय दिया।
















