धनबाद: जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने अधिकारियों और कर्मियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया। धनबाद सदर, पुटकी एवं धनबाद अंचल में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान धनबाद अंचल में कार्यों के निष्पादन और अभिलेखों के संधारण में अनियमितता पाए जाने पर अंचल अधिकारी (सीओ) को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं रजिस्टरों के सही संधारण में लापरवाही मिलने पर अंचल के लिपिकों एवं अन्य कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति और प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तीन जूनियर इंजीनियर (जेई), एक असिस्टेंट इंजीनियर (एई) तथा एक पंचायत सचिव से भी स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलों को अपने-अपने क्षेत्रों में लैंड बैंक तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी भूमि की पहचान कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
















