,

धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान, लंबित मामलों में कमी और निष्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

JP Bharat Shareधनबाद: अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पुलिस मुख्यालय में मई माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभात कुमार ने की। बैठक में ऋत्विक श्रीवास्तव, एस. मोहम्मद याकूब सहित सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी मौजूद…

JP Bharat Share

धनबाद: अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पुलिस मुख्यालय में मई माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभात कुमार ने की। बैठक में ऋत्विक श्रीवास्तव, एस. मोहम्मद याकूब सहित सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार मई माह में जिले में कुल 420 नए कांड दर्ज हुए, जबकि 470 मामलों का सफल निष्पादन किया गया। यह दर्शाता है कि धनबाद पुलिस मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है।

समीक्षा के दौरान लंबित मामलों में कमी को बड़ी उपलब्धि माना गया। पिछले माह लंबित कांडों की संख्या 1887 थी, जो घटकर 1850 रह गई है। एसएसपी प्रभात कुमार ने इसे पुलिस टीम की सतत मेहनत और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताते हुए अगले दो महीनों में लंबित मामलों की संख्या 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

वारंट और कुर्की मामलों के निष्पादन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। मई माह में 1277 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया तथा 25 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को जून माह में लंबित वारंट और कुर्की मामलों के कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि मई माह के दौरान 1250 पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा किया गया, जिसे पुलिस विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसी अवधि में 1884 चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा ऑनलाइन प्राप्त 398 शिकायतों में से 376 का निष्पादन किया गया।

चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से जून माह में एक हजार मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक लगभग 300 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।

अवैध हथियारों की बरामदगी और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टीम लगातार छापेमारी अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। वहीं आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने कहा कि मई माह के दौरान प्रभावी पुलिस कार्रवाई के कारण जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में कई अपराधियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई।

बैठक में सड़क सुरक्षा पर भी विशेष चर्चा हुई। बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए ट्रैफिक अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों और अवैध कटों की पहचान कर उन्हें बंद कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग करने और काला शीशा लगाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखने को कहा गया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports