धनबाद: धनतेरस के मौके पर कोयलांचल के बाजार में इस बार महंगी और लग्जरी खरीदारी की खूब चर्चा है। करोड़ों की कार, लाखों के सोने के गहने, महंगी सुपरबाइक और खास मिठाइयां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर स्थित टोयोटा शोरूम से करीब 2.5 करोड़ रुपये कीमत वाली टोयोटा लैंड क्रूजर 300 की डिलीवरी होनी है। वहीं, तनिष्क शोरूम से करीब 18 लाख रुपये का 22 कैरेट गोल्ड नेकलेस और इयररिंग सेट भी खरीदा गया है।
5.40 लाख की सुपरबाइक और 1,550 रुपये किलो का रोज लड्डू
जीटी रोड स्थित थंडर मोटर्स से रॉयल एनफील्ड की सुपर मीटियोर 650 (सेलेस्टियल ब्लू) बाइक की डिलीवरी भी चर्चा में है। इसकी कीमत एक्सेसरीज सहित करीब 5.40 लाख रुपये बताई गई है।
वहीं, बरटांड स्थित मधुलिका स्वीट्स का खास रोज लड्डू भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसकी कीमत 1,550 रुपये प्रति किलो बताई गई है। इसके अलावा पिस्ता रोल और स्पेशल ड्राई फ्रूट्स पैक की भी मांग है।
इस तरह धनतेरस पर धनबाद के बाजार में पारंपरिक खरीदारी के साथ महंगी और खास चीजों का भी आकर्षण देखने को मिल रहा है।
















