धनबाद: गोन्दुडीह कांटा घर के समीप गुरुवार को बड़ी संख्या में असंगठित मजदूरों ने प्रदर्शन कर STG आउटसोर्सिंग कंपनी का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना था कि कंपनी का काम शुरू नहीं होने से क्षेत्र के सैकड़ों मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा कंपनी का संचालन शुरू होने में बाधा पहुंचाई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर मामले का समाधान निकालने और कंपनी का संचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
मजदूरों ने कहा कि STG आउटसोर्सिंग शुरू होने से क्षेत्र के अनेक युवाओं और श्रमिकों को रोजगार मिलेगा तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वहीं, STG आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक टुनटुन यादव ने भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा लगातार कंपनी का संचालन बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गोन्दुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को लेकर धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक को भी जानकारी दी गई है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई है।
हालांकि, जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
















