धनबाद: IIT(ISM) धनबाद में Smart India Hackathon (SIH) 2026 के 12 घंटे के इंटरनल हैकाथॉन का आयोजन किया गया। इसमें 119 टीमों के कुल 714 छात्रों ने हिस्सा लेकर देश की वास्तविक समस्याओं पर तकनीकी समाधान और प्रोटोटाइप तैयार किए।
छात्रों ने SIH 2026 पोर्टल पर उपलब्ध 85 प्रॉब्लम स्टेटमेंट पर काम किया। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, माइनिंग सेफ्टी, हेल्थकेयर, कृषि, गवर्नेंस, अर्थ साइंसेज और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र शामिल रहे।
24 सदस्यीय ज्यूरी ने किया टीमों का मूल्यांकन
हैकाथॉन के दौरान छात्रों ने NLHC की विभिन्न लैब और सेंट्रल लाइब्रेरी में रातभर काम कर अपने प्रोटोटाइप तैयार किए। इसके बाद 24 सदस्यीय ज्यूरी के सामने टीमों ने अपने समाधान प्रस्तुत किए।
ज्यूरी ने समस्या की समझ, इनोवेशन, तकनीकी व्यवहार्यता, संभावित प्रभाव और प्रस्तुतीकरण के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के बाद 50 टीमों का चयन SIH 2026 के नेशनल राउंड के लिए किया गया।
छात्रों के प्रयास की सराहना
डीन (इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस) प्रो. आलोक कुमार दास ने कहा कि Smart India Hackathon छात्रों को देश की वास्तविक समस्याओं पर काम करने और उनके लिए तकनीकी समाधान विकसित करने का अवसर देता है। उन्होंने छात्रों की मेहनत और नए विचारों की सराहना की।
कन्वेनर प्रो. मधुलिका गुप्ता ने भी छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए नेशनल राउंड के लिए चयनित टीमों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और डिप्टी डायरेक्टर प्रो. सारत कुमार दास के मार्गदर्शन में किया गया।
















