जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह नहर में 26 जुलाई को मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दासमत बास्के, निवासी छोटा बांदुआ (थाना पोटका) के रूप में हुई है। सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि कलियाडीह नहर में एक महिला का शव पानी में तैर रहा है। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतका की पहचान किरण देवी (45 वर्ष), पति सुंदर प्रसाद, निवासी जुगसलाई बंगालीपाड़ा, राम मंदिर के समीप के रूप में हुई। मृतका के पुत्र घनश्याम सिंह द्वारा शव की पहचान किए जाने के बाद यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस का संदेह दासमत बास्के पर गया। इसके बाद 1 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतका लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी और शव को कलियाडीह नहर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या जैसा प्रतीत हो।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी (JH05EF-3277), काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का बैग तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
















