जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मेन गेट के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सूचना मिली कि एक सपेरा दो टोकरी में सांप छोड़कर वहां से चला गया है। दोनों टोकरी का ढक्कन खुला हुआ था और उसमें अत्यंत विषैला कोबरा सांप मौजूद था, जिसे स्थानीय भाषा में गेहूंअन सांप भी कहा जाता है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सतर्कता के साथ दोनों कोबरा सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू किए गए सांपों को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ा जाएगा।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। हालांकि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।














