रांची: राजधानी रांची में लूटपाट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल वाहन, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
टेम्पू चालक से मारपीट कर लूटपाट
अर्गोड़ा थाना क्षेत्र में टेम्पू चालक के साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लूटने के मामले में पुलिस ने मोनी सिंह उर्फ पाजी और चिकू कुमार यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल टेम्पू, मोबाइल फोन और करीब 22 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
XUV में जबरन बैठाकर लूटने का आरोप
दूसरे मामले में पुलिस ने बताया कि एक युवक की कार खराब होने का फायदा उठाकर XUV 500 में सवार चार लोगों ने उसे कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाया और उसके साथ लूटपाट की।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने असगर खान, विनय साहू, मोला नायक और आकाश कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से XUV 500, पांच स्मार्टफोन और 6,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
दोनों मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
















