रांची: बेड़ो थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बेड़ो-गुमला मार्ग पर जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रेलर के नीचे जा घुसा। हादसे के बाद कार में सवार दोनों लोग वाहन के अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर निकाला
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर पेट्रोल पंप कर्मी और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से दोनों लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद कार चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईको कार काफी तेज रफ्तार में थी। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाने के दौरान चालक को झपकी आ गई होगी, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर फरार चालक और ट्रेलर की तलाश में जुटी है।
















