चतरा: प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कुकुरमन गांव में होमगार्ड बहाली के दौरान कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। गांव निवासी राजेश यादव ने बिहार के गया जिले के एक युवक पर फर्जी वंशावली के आधार पर बहाली प्रक्रिया में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और गृह रक्षा वाहिनी के अधिकारियों को शिकायत दी है।
खतियानी जमीन को आधार बनाने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके परदादा चमरू महतो के नाम से कुकुरमन गांव में खाता नंबर 04 के प्लॉट नंबर 112, 122, 135 और 136 में कुल 1.46 एकड़ खतियानी जमीन दर्ज है।
राजेश यादव का आरोप है कि इसी जमीन को आधार बनाकर गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के कोयलिया ढोंढिया निवासी चंदन कुमार, पिता योगेन्द्र यादव ने जोगियारा पंचायत की मुखिया गीता देवी से 16 मार्च 2022 को कथित तौर पर गलत वंशावली बनवाई।
आरोप है कि इसी वंशावली के आधार पर प्रतापपुर अंचल से जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाए गए और चंदन कुमार ने वर्ष 2026 की होमगार्ड बहाली में हिस्सा लिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक मेरिट लिस्ट में उसका नाम क्रम संख्या 16 पर आया है।
राजेश यादव ने दावा किया है कि चंदन कुमार का उनके परिवार से कोई नाता-रिश्ता नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर बहाली रद्द करने के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से जांच या आधिकारिक कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
















