गिरिडीह: जिले के बेंगाबाद स्थित खंडोली डैम में रविवार शाम बोटिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। पर्यटकों से भरी एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में पलट गई। नाव पर करीब आधा दर्जन पर्यटक सवार थे।
नाव के पलटते ही डैम परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सभी पर्यटकों ने सुरक्षा नियमों के तहत लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके कारण वे पानी में डूबने के बावजूद सतह पर सुरक्षित रहे।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य नाविकों ने पानी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। सभी पर्यटकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए डैम में बोटिंग रोक दी गई। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नाव संचालकों को लाइफ जैकेट समेत सभी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर जलाशयों में सुरक्षा उपायों की अहमियत सामने ला दी है। पर्यटकों ने भी माना कि लाइफ जैकेट नहीं होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
















