रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार, 30 सितंबर को राज्यव्यापी बंद का आयोजन किया गया। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन कर अपनी लंबित मांगों को उठाया। प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
आंदोलनकारियों ने झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय सम्मान और अलग पहचान देने, उनके बच्चों एवं आश्रितों के लिए रोजगार की व्यवस्था करने तथा सम्मान पेंशन देने की मांग की। इसके अलावा पेंशन के लिए जेल जाने की बाध्यता समाप्त करने, चिकित्सा, बीमा और यात्रा जैसी सुविधाएं देने की मांग भी उठाई गई है।
लंबित मांगों को लेकर बंद का आह्वान
मोर्चा की ओर से कहा गया कि 30 सितंबर का बंद लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से बुलाया गया है। संगठन ने इससे पहले 29 सितंबर को कई स्थानों पर मशाल जुलूस भी निकाला था।
आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों पर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही है। रांची समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बंद के दौरान प्रदर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए
















