झरिया (धनबाद): भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन यात्रा के तहत मंगलवार शाम केंदुआ पुल के समीप झरिया विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर यात्रा का अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, समरसता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि यह कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत-महापुरुषों के विचारों और भारत की सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
रागिनी सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, समान अवसर और सामाजिक न्याय पहुंचाना भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठते हुए मानवता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गुरु रविदास जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
















