धनबाद: बेलगड़िया के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और बैंक ऑफ इंडिया सोशल फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर बुधवार को IIT (ISM) धनबाद में ‘डी-युवा’ (D-YUVA) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत युवाओं को आधुनिक तकनीकी विषयों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, IIT (ISM) के प्रोफेसर धीरज कुमार तथा बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मैनेजर दिनेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि यह योजना बेलगड़िया के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पिछले एक वर्ष से इस परियोजना को शुरू करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। योजना के तहत अगले तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष लगभग 900 युवाओं को पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में युवाओं को उनके ज्ञान स्तर के अनुसार कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, वेब डेवलपमेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन, डेटा एंट्री, ऑफिस असिस्टेंट, पायथन आधारित डेटा क्यूरेशन एवं एनोटेशन सहित कई आधुनिक तकनीकी विषयों की जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण में भाग लेने वाले युवाओं की सुविधा के लिए बेलगड़िया से IIT (ISM) तक विशेष बस सेवा शुरू करने का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा प्रत्येक बैच के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर या टैबलेट देकर सम्मानित किया जाएगा।
एसएसपी प्रभात कुमार ने युवाओं से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT (ISM) में मिलने वाला यह प्रशिक्षण उनके भविष्य को नई दिशा देगा और उन्हें प्रतिस्पर्धी दुनिया में आगे बढ़ने में मदद करेगा।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मैनेजर दिनेश प्रसाद और IIT (ISM) के प्रोफेसर धीरज कुमार ने डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। वहीं सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार और ACIC IIT (ISM) फाउंडेशन की CEO डॉ. आकांक्षा सिन्हा ने कार्यक्रम के तहत एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
समारोह के बाद उपायुक्त ने आधुनिक कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं से संवाद भी किया। बेलगड़िया के युवाओं और उनके अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि IIT (ISM) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रशिक्षण का अवसर उनके लिए सपने के सच होने जैसा है।
















