कुल्टी/आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित कुल्टी थाना क्षेत्र के लचीपुर इलाके में पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और कथित गैर-कानूनी झारखंड लॉटरी के कारोबार का खुलासा किया है। नियामतपुर चौकी पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद करते हुए भीम माजी को गिरफ्तार किया। जब्त शराब को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसकी आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
इसके अलावा लचीपुर गेट क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने कथित अवैध झारखंड लॉटरी के कारोबार में संलिप्त सूरज शॉ को गिरफ्तार किया। उसके पास से बड़ी संख्या में कथित लॉटरी टिकट और अन्य संबंधित सामग्री बरामद की गई है।
दोनों आरोपियों को मंगलवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने पूरे नेटवर्क का पता लगाने और मामले की विस्तृत जांच के लिए अदालत से रिमांड की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार के पीछे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अवैध शराब, नशीले पदार्थों तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















