मैथन: दामोदर घाटी निगम के मैथन प्रोजेक्ट प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार मैथन डैम रोड पर 14 और 15 मई 2026 को वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। यह व्यवस्था बांध पर स्थापित दो गैन्ट्री क्रेनों की लोड टेस्टिंग के कारण की जा रही है।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा ब्लॉकेज
प्रशासन के अनुसार यह कार्य सीआईएसएफ टोल गेट नंबर 1 से गेट नंबर 2 के बीच सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से इस दौरान सड़क पर ब्लॉकेज रहेगा।
हालांकि, साइट की स्थिति को देखते हुए बीच-बीच में छोटे वाहनों एवं आवश्यक सेवाओं को निकलने की अनुमति दी जा सकती है।
भारी मशीनों और टेस्ट लोड ट्रकों का होगा संचालन
उप महाप्रबंधक (प्रशासन) सुखमय नायक ने मैथन ओपी एवं कल्याणेश्वरी पुलिस को पत्र भेजकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने बताया कि टेस्टिंग के दौरान भारी मशीनों और टेस्ट लोड ट्रकों का संचालन किया जाएगा, इसलिए आम लोगों से सहयोग एवं सावधानी बरतने की अपील की गई है।
लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
मैथन डैम रोड से गुजरने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
















