निरसा: धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल मुगमा एरिया के चापापुर-2 ओसीपी में बुधवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। डोजर की चपेट में आने से हाइवा चालक दिलदार हुसैन, निवासी सोनबाद, की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर ओसीपी का कामकाज ठप कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलदार हुसैन चापापुर-2 ओसीपी में हाइवा चालक के रूप में कार्यरत थे। बताया जाता है कि ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह कंपनी के डोजर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए उचित मुआवजा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। विरोधस्वरूप ग्रामीणों ने ओसीपी का कामकाज रोक दिया।
समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। वहीं स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारी स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
















