धनबाद : धनबाद जिले के निरसा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शिवलीबाड़ी उतर पंचायत के रहमत नगर में पिछले दो सप्ताह से जारी पानी संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। भीषण गर्मी और पानी की भारी किल्लत से परेशान लोगों ने रविवार को मुखिया मलका मेहर निगार के नेतृत्व में मैथन रोड मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
पाइप क्षतिग्रस्त होने से गहराया पानी संकट
जानकारी के अनुसार झिलिया पुल निर्माण कार्य के दौरान पानी की मुख्य पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। निर्माण एजेंसी द्वारा जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद पाइप की मरम्मत नहीं हो सकी।
इसके कारण रहमत नगर के करीब 500 परिवारों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक की ओर से भेजा जा रहा एक पानी टैंकर इतने बड़े इलाके के लिए पर्याप्त नहीं है।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पानी नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को मैथन रोड जाम कर दिया। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द पाइप मरम्मत की मांग की।
पुलिस और अधिकारियों के समझाने पर खत्म हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद कुमारधुबी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण पाइप मरम्मत शुरू होने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए।
इसके बाद पुलिस ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और संवेदक से संपर्क किया। करीब तीन घंटे बाद मिस्त्री मौके पर पहुंचे और पाइप जोड़ने का काम शुरू किया गया। काम शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर आवागमन बहाल कर दिया।
भविष्य में आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर पानी की समस्या उत्पन्न हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
















