धनबाद:
धनबाद रेलवे स्टेशन पर Railway Protection Force (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई Dhanbad Railway Station के प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के कालका छोर पर देर रात गश्ती के दौरान की गई। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी की संयुक्त टीम स्टेशन पर निगरानी कर रही थी।
गश्ती के दौरान रात करीब 10:55 बजे एक युवक लाल रंग का ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में जाता दिखा। बैग भारी होने पर टीम ने उसे रोककर जांच की। तलाशी में ट्रॉली बैग से 12 बोतल (750 ml) और 24 बोतल (375 ml) Royal Stag Deluxe Whisky बरामद हुई। सभी बोतलों पर “For sale in Jharkhand only” अंकित था।
कुल 18 लीटर अंग्रेजी शराब की कीमत लगभग ₹19,680 आंकी गई। वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह झारखंड से शराब ले जाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार यादव (27 वर्ष), निवासी धनसार, धनबाद के रूप में हुई है। आरोपी को जब्त शराब के साथ आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां से आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को मामला सौंप दिया गया।
इस अभियान में एसआई पालिक मिंज, एएसआई नंदू प्रसाद, एचसी बबूलेश कुमार, सीटी विवेक कुमार, सीटी एस.आर. मीणा, एचसी बृजेश कुमार (सीआईबी) और सीटी उमापति सिंह (सीआईबी) शामिल रहे।
आरपीएफ की इस कार्रवाई को स्टेशन परिसर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
















