मैथन (धनबाद):
हजारीबाग में पत्रकार के साथ मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को निरसा-चिरकुंडा आंचल पत्रकार संघ के बैनर तले पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। Maithon स्थित डीवीसी फिश फार्म के समीप जुटे पत्रकारों ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री Irfan Ansari के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई और उनके समर्थकों द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट की घटना की निंदा की।
संघ के प्रवक्ता हरेंद्र कुमार सैनी ने कहा कि केवल सवाल पूछने पर पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट होना बेहद शर्मनाक है और यह सत्ता के अहंकार को दर्शाता है।
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि आरोपी मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान संघ के उपाध्यक्ष धर्मदेव चौधरी, अवध किशोर प्रसाद, राजकुमार सिंह, अनिमेष पोद्दार सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
















