रांची: त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ, झारखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष विकास कुमार महतो के नेतृत्व में झारखंड के राज्यपाल से मुलाकात कर पंचम राज्य वित्त आयोग मद के तहत पंचायतों को आवंटित राशि के व्यय एवं योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शिका शीघ्र जारी करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसाओं के आधार पर पंचायतों को राशि आवंटित कर दी गई है। हालांकि, अब तक राशि के उपयोग और योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इसके कारण पंचायत स्तर पर कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और जनहित के कार्यों में देरी हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मार्गदर्शिका के अभाव में पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के चयन, स्वीकृति और राशि खर्च करने में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में संबंधित विभाग से पत्राचार कर आवश्यक मार्गदर्शिका यथाशीघ्र उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायतों में विकास कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि मार्गदर्शिका जारी होने के बाद पंचायत स्तर पर लंबित विकास योजनाओं को गति मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
प्रतिनिधिमंडल में मनोज वाजपेयी, कुशेन्द्र पहान, अनिल कुमार रजक तथा पिंटू कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।
















