धनबाद: डीएस कॉलोनी स्थित पम्पू तालाब की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए धनबाद विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने शनिवार को एक बार फिर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब में चल रहे सफाई कार्य की प्रगति देखी और मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों से जानकारी ली।
जलकुंभी और गंदगी हटाने का काम जारी
निरीक्षण के दौरान तालाब में फैली जलकुंभी और अन्य गंदगी को हटाने के कार्य का जायजा लिया गया। बताया गया कि दो दिन पहले तालाब की स्थिति को देखते हुए राज सिन्हा ने स्वयं तालाब में उतरकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद से सफाई का काम लगातार जारी है।
नगर आयुक्त से फोन पर की बात
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए विधायक ने शनिवार को धनबाद नगर आयुक्त से फोन पर बातचीत की और सफाई कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती के साथ जेसीबी और ट्रैक्टर की संख्या बढ़ाने की मांग की, ताकि काम जल्द पूरा हो सके।
राज सिन्हा ने कहा कि स्वच्छ जलस्रोत, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता में हैं। उन्होंने कहा कि पम्पू तालाब जैसे जलस्रोतों की सफाई और संरक्षण पर्यावरण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने की दिशा में भी जरूरी है।
सफाई अभियान और निरीक्षण के दौरान निर्मल प्रधान, कन्हैया लाल गुप्ता, मनोज मालाकार, राजू मालाकार सहित अन्य लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















