धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ा जमुआ में शनिवार देर रात मंदाकिनी उच्च विद्यालय मैदान के पास स्थित सब्जी मंडी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मंडी की दर्जनों झोपड़ीनुमा दुकानें जलकर राख हो गईं।
दुकानदारों को सामान बचाने का नहीं मिला मौका
आग की चपेट में आने से दुकानों में रखी सब्जियां और अन्य सामान पूरी तरह जल गए। आग तेजी से फैलने के कारण दुकानदारों को अपना सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। घटना में कई सब्जी विक्रेताओं को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कई दुकानें और उनमें रखा सामान पूरी तरह जल चुका था।
आगजनी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने आगजनी की आशंका जताई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बरवाअड्डा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















