पूर्वी टुंडी: श्रावणी मेले के पावन अवसर पर धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत बामनबाद गांव से रविवार को नौ श्रद्धालु काँवरियों का जत्था “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल रहा। परिजनों और ग्रामीणों ने सभी काँवरियों को तिलक लगाकर एवं शुभकामनाएं देकर उनकी मंगलमय यात्रा के लिए विदा किया।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार सभी श्रद्धालु सोमवार सुबह सुल्तानगंज स्थित अजगैवीनाथ गंगा घाट पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान करेंगे। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने काँवर में गंगाजल भरेंगे और करीब 110 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
इस धार्मिक यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में प्रशांत भट्टाचार्य, रोहित मंडल, उज्जवल मंडल, काजल मंडल, मोहित मंडल, राजू मंडल, शंकर कुमार मंडल, कंचन मंडल और दीनबंधु मंडल शामिल हैं। वहीं विपिन बाउरी वाहन चालक के रूप में श्रद्धालुओं के साथ सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं।
ग्रामीणों ने सभी काँवरियों की सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना करते हुए बाबा भोलेनाथ से उनके सुख, समृद्धि और कुशल मंगल की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं में बाबा वैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
















