पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कामकाज के दौरान अचानक एक जहरीला कोबरा सांप परिसर में निकल आया। कार्यालय में मौजूद कर्मियों और सैकड़ों ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई, लेकिन अंचल अधिकारी की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय में रोज की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक कोबरा सांप निकल आया, जिसे देखकर अफरा-तफरी मच गई। चूंकि प्रखंड परिसर में हर दिन बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहते हैं, ऐसे में स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती थी।
सांप निकलने की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए और बिना देर किए रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया।
रेस्क्यू टीम के आने तक अंचल अधिकारी खुद मौके पर डटे रहे और पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी। काफी मशक्कत के बाद टीम ने विषैले कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
सांप के पकड़े जाने के बाद ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई, जो कि प्रशासन की सतर्कता का परिणाम माना जा रहा है।
अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि उन्होंने साबित कर दिया कि एक जिम्मेदार अधिकारी केवल दफ्तर तक सीमित नहीं होता, बल्कि जनता की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार रहता है। उनकी सूझबूझ से आज एक बड़ा हादसा टल गया।
















