रांची: राजधानी के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से दारोगा गणेश यादव समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में था। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ने पहले स्कूटी सवार 2018 बैच के दारोगा गणेश यादव को टक्कर मारी। इसके बाद आगे जाकर एक अन्य स्कूटी पर सवार बुजुर्ग को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर में दोनों स्कूटियां और कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
जगन्नाथपुर पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। चालक के नशे में होने और हादसे की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
















