धनबाद। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार को लेकर जिला प्रशासन की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उपायुक्त आदित्य रंजन के नेतृत्व में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत जिले में संचालित मॉडल को तृतीय राष्ट्रीय लर्निंग इवेंट में प्रस्तुत किया गया।
‘कोई भी दिव्यांगता अनदेखी न रहे, कोई भी बच्चा पीछे न छूटे’ विषय पर हुई प्रस्तुति में बच्चों में जन्मजात दोष, पोषण संबंधी कमियों, बीमारियों और विकासात्मक देरी यानी 4Ds की समय पर पहचान की व्यवस्था की जानकारी दी गई।
चिन्हित बच्चों को विशेष उपचार शिविरों के माध्यम से निःशुल्क इलाज और नियमित फॉलोअप की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा जिला स्तरीय RBSK वेबसाइट के जरिए बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों, उपचार और फॉलोअप की रियल टाइम निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय की कार्यप्रणाली भी साझा की गई। जिला प्रशासन ने संकल्प दोहराया कि कोई भी जरूरतमंद बच्चा स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
















