धनबाद: धनबाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने फीता काटकर एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे तथा आधुनिक लॉन्ड्री मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर व्यक्ति को निःशुल्क अथवा न्यूनतम दर पर उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उपायुक्त ने बताया कि बंधन बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत सदर अस्पताल को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे और आधुनिक लॉन्ड्री मशीन उपलब्ध कराई गई है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को कम लागत में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद एक ही छत के नीचे 24 घंटे लोगों का बेहतर इलाज संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल ने पिछले एक वर्ष में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और प्रतिदिन 600 से 700 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के कारण अस्पताल में जटिल से जटिल ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। साथ ही गरीब और जरूरतमंद मरीजों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ भी मिल रहा है। यही वजह है कि धनबाद के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सदर अस्पताल को एमआरआई, सीटी स्कैन, मॉड्यूलर आईसीयू, मॉड्यूलर किचन, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर समेत कई नई सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। उनका कहना था कि भविष्य में सदर अस्पताल धनबाद के सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल होगा।

अस्पताल के विस्तार को लेकर भी कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें अतिरिक्त फ्लोर का निर्माण, बड़ी कार एवं बाइक पार्किंग, मरीजों और आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय शेड सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास शामिल है। उपायुक्त ने कहा कि यह वर्ष धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए स्वर्णिम वर्ष साबित होगा।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, बंधन बैंक के सहायक उपाध्यक्ष अनिमेष मिश्रा, डॉ. मिहिर झा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
















