सोनीपत: लघु सचिवालय में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की गई। सीटीएम सिमरन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में अलग-अलग विभागों से जुड़ी 20 शिकायतें सामने आईं।
सीटीएम सिमरन ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार तय समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
पेंशन से लेकर अतिक्रमण तक पहुंचीं शिकायतें
शिविर में विधवा पेंशन, बिजली बिल माफी, महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत वर्ष 2008 में आवंटित प्लॉट, लंबित इंतकाल और मजदूरी दिलाने से संबंधित मामले सामने आए। गांव गड्डी बिंदरौली में अवैध अतिक्रमण की शिकायत भी अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
इसके अलावा गली में पड़ोसी द्वारा ऊंचे टॉयलेट टैंक का निर्माण, पंचायत फंड के कथित गबन, जन्म प्रमाण पत्र में नाम दुरुस्त करवाने और गांव शेखपुरा में पानी की निकासी जैसी समस्याओं पर भी सुनवाई हुई।
सीटीएम ने अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए पात्र लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में एससीपी अमित धनखड़, तहसीलदार कीर्ति, डीएसओ मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
















