धनबाद में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें: जिला प्रशासन
Aditya Ranjan की अध्यक्षता में जिला प्रशासन ने इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में पेट्रोल-डीजल सप्लाई की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त ऑनलाइन जुड़े थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धनबाद में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़
पेट्रोलियम कंपनियों ने बताया कि बुधवार को अफवाहों के कारण अचानक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग घबराहट में अपने वाहनों में जरूरत से ज्यादा ईंधन भराने पहुंच गए, जिससे कई पंपों पर सामान्य व्यवस्था प्रभावित हुई।
कंपनियों के अनुसार कुछ पेट्रोल पंपों पर एक ही दिन में चार दिनों के बराबर पेट्रोल-डीजल की बिक्री हुई। आमतौर पर कम ईंधन भराने वाले लोगों ने भी अतिरिक्त ईंधन भरवा लिया।
अतिरिक्त ईंधन सप्लाई किया गया
बैठक में बताया गया कि धनबाद को अतिरिक्त ईंधन सप्लाई भेजी गई है और पेट्रोलियम कंपनियां हर पेट्रोल पंप के स्टॉक पर ऑनलाइन नजर रख रही हैं। प्रशासन और कंपनियां मिलकर स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
Sunny Raj ने कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक जिला प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियां रिटेल आउटलेट्स पर लगातार नजर रखेंगी।
सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पेट्रोल पंपों को नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी प्रशासन को देने को कहा गया है।
जानबूझकर ईंधन नहीं देने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कहा कि अगर किसी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद जानबूझकर लोगों को ईंधन नहीं दिया गया, तो संबंधित पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद रहे कई अधिकारी
बैठक में Ritwik Srivastava, Lokesh Barange, बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर मनीष कुमार गर्ग, एचपीसीएल के रीजनल मैनेजर अमित मेहता और आईओसीएल के डिविजनल मैनेजर सुयांश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
















