टुंडी (धनबाद): टुंडी-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर संग्रामडीह के तीखे मोड़ के समीप शुक्रवार को दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रेलर का चालक प्रकाश तुरी केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही टुंडी थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी उमाशंकर के नेतृत्व में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए गैस कटर मंगाया गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के केबिन को काटकर चालक को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, चालक को हल्की चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई गई। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को हटवाकर जाम समाप्त कराया और आवागमन सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण संग्रामडीह के तीखे मोड़ पर दोनों ट्रेलरों का तेज गति से आमने-सामने आ जाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
















