बलियापुर: फेज-2 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, कुसमाटांड से जुड़े क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जलापूर्ति समस्या को दूर करने के लिए पाइपलाइन मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है। स्थानीय विधायक चंद्रदेव महतो की पहल पर रखीतपुर अंडरपास के पास क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य विभाग की ओर से दोबारा शुरू कराया गया है।
पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद कुसमाटांड फेज-2 से जुड़े प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। इससे लंबे समय से पानी की समस्या का सामना कर रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की संभावना है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मौके पर लिया जायजा
मरम्मत कार्य को गति देने में प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, विधायक प्रतिनिधि सह पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक सहित अन्य लोगों ने प्रयास किया। विधायक प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी शीतल दत्ता, प्रमुख प्रतिनिधि विजय रजक और अभियंता लखिराम मांझी समेत श्यान कंपनी के केशव, अजहर और भूदेव भी मौके पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि पाइपलाइन की मरम्मत जल्द पूरी हो जाएगी और कुसमाटांड फेज-2 से प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था दोबारा सुचारु हो सकेगी। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
















