छत्तीसगढ़: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में अनिल पटेल, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना बरमकेला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से मोटरसाइकिलों के फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और फिर उन्हें कम कीमत पर बेच देता था।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और एसडीओपी गोविन्द दीवान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
















