रांची: झारखंड में लंबे समय से बंद पड़ी नौ लौह अयस्क खदानों को लेकर खान एवं भूतत्व विभाग ने सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य के कुल 15 स्वीकृत लौह अयस्क खनन पट्टों में से फिलहाल केवल छह में खनन हो रहा है, जबकि नौ खदानें अलग-अलग कारणों से बंद हैं।
विभाग ऐसे पट्टाधारियों की समीक्षा करेगा, जिन्होंने जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद खनन शुरू नहीं किया है। नियमों के तहत निष्क्रिय खनन पट्टों को रद्द कर संबंधित खनन ब्लॉकों की दोबारा नीलामी कराने की तैयारी है।
बंद खदानों में 8.27 लाख टन से अधिक लौह अयस्क
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, आठ प्रमुख खनन पट्टों में लगभग 8.27 लाख टन लौह अयस्क का स्टॉक मौजूद है। इनमें पश्चिमी सिंहभूम जिले के घाटकुड़ी, नोवामुंडी, मेरलगड़ा, बराईबुरु और करमपदा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
खदानों के बंद रहने के पीछे नियमों के उल्लंघन, नो-माइनिंग जोन, पर्यावरणीय स्वीकृति (EC), वन स्वीकृति (FC) की कमी और लीज अवधि समाप्त होने जैसे कारण बताए गए हैं।
राजस्व और रोजगार पर पड़ रहा असर
खदानों में उत्पादन बंद रहने से सरकार को रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम और अन्य शुल्क के रूप में संभावित राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा खनिज परिवहन, प्रसंस्करण और स्थानीय रोजगार से जुड़ी गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
खान विभाग के अनुसार, पुराने और निष्क्रिय पट्टों की समीक्षा के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद संबंधित खदानों की पुनः नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
















