धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में होने वाले तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों और उपाधिधारकों के लिए ड्रेस कोड जारी कर दिया है। समारोह की गरिमा और एकरूपता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों को निर्धारित पोशाक में शामिल होना होगा।
पुरुष और महिला शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड
अधिसूचना के अनुसार पुरुष शिक्षक सफेद शर्ट, गहरे नीले रंग की पैंट और काले जूते पहनेंगे। वहीं महिला शिक्षकों के लिए ऑफ-व्हाइट या क्रीम रंग की साड़ी निर्धारित की गई है, जिसमें लाल या मैरून बॉर्डर होगा।
उपाधिधारकों के लिए भी तय हुई पोशाक
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले पुरुष उपाधिधारकों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा निर्धारित किया गया है। महिला उपाधिधारक क्रीम रंग की लाल या मैरून बॉर्डर वाली साड़ी पहन सकती हैं। इसके अलावा क्रीम रंग का कुर्ता-सलवार और मैरून दुपट्टा भी विकल्प के तौर पर रखा गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, रिहर्सल के दिन सभी उपाधिधारकों को सेरेमोनियल स्टोल और पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने सभी शिक्षकों और उपाधिधारकों से दीक्षांत समारोह की गरिमा और समरूपता बनाए रखने के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने की अपील की है।
















