भागलपुर: भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में झारखंड के गोड्डा जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी गई सरकारी पिस्टल, 35 राउंड गोलियां, सीसीटीवी डीवीआर और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सांसद अजय मंडल के कार्यालय में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अजय चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने झारखंड के गोड्डा निवासी अमन कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और छापेमारी के दौरान उसके पास से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सांसद कार्यालय से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कंप्यूटर, सरकारी सुरक्षा गार्ड की पिस्टल और 35 राउंड गोलियां चोरी हुई थीं। बरामद सामान में सरकारी पिस्टल, सभी 35 गोलियां, डीवीआर और अन्य चोरी की गई सामग्री शामिल है।
सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। चोरी की घटना का खुलासा होने के साथ ही संवेदनशील श्रेणी की सरकारी पिस्टल और गोलियों की बरामदगी ने पुलिस को बड़ी राहत दी है।
















