झरिया/धनबाद, 6 अक्टूबर 2026: अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन (AIF) की ओर से बनियाहीर 10 नंबर स्थित इंद्र भवन में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय जरूरतमंद लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
बताया गया कि AIF पिछले दो वर्षों से धनबाद जिले में स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से ‘लाइवलीहुड सेंटर’ संचालित कर रहा है। इसी क्रम में समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
80 लोगों का BP और ब्लड शुगर टेस्ट
शिविर में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। अनुभवी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने करीब 80 लोगों के ब्लड प्रेशर (BP) और ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच की।
जांच के बाद डॉक्टरों ने लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी। साथ ही धूल-मिट्टी और प्रदूषण के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
स्थानीय निवासियों और गणमान्य लोगों ने AIF की इस पहल की सराहना की। फाउंडेशन के अधिकारियों के अनुसार आजीविका प्रशिक्षण के साथ समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
















