बराकर: दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार शाम बराकर फाड़ी परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक बराकर फाड़ी प्रभारी अंजन रजक के नेतृत्व में आयोजित की गई, जबकि अध्यक्षता कुल्टी एसीपी वेस्ट जे. हुसैन ने की।
बैठक में एसीपी ने पूजा समितियों से प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि महालया के बाद ही पूजा पंडालों का उद्घाटन किया जाएगा और डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पंडालों में CCTV और सुरक्षा पर जोर
पूजा समितियों को पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात के समय पंडाल को पूरी तरह खाली नहीं छोड़ने की सलाह दी गई। इसके अलावा केवल ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति की बात कही गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
शाम के समय टोटो-ऑटो पर रहेगा प्रतिबंध
बैठक में बताया गया कि दुर्गापूजा के दौरान शाम के समय टोटो और ऑटो के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना और श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी को कम करना है।
बैठक में बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल, पिंजरा पोल सोसाइटी के सचिव अर्जुन अग्रवाल, बेगुनिया बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शंकर शर्मा, दीपक झा, हारु मंडल, दीपक दुधानी, ट्रैफिक अधिकारी विनय लायक, विद्युत विभाग के अधिकारी प्रशांत माझी, आरपीएफ अधिकारी, बराकर अस्पताल के चिकित्सक रविकांत रंजन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















