धनबाद: बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में डुमरी विधायक जयराम महतो को बड़ी राहत मिली है। 14 सितंबर 2026 को धनबाद की सांसद-विधायक विशेष अदालत ने मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली।
अदालत ने जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल को भी अग्रिम जमानत प्रदान की है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जाता है कि मामला 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना में हुई घटना से जुड़ा है। मामले में थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज, धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और हाजत में रखे गए गणेश दास को छुड़ाने का प्रयास करने जैसे आरोप लगाए गए थे।
घटना के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मामले को लेकर नाराजगी जताई थी और जयराम महतो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। एसोसिएशन की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग के साथ आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।
अब विशेष अदालत से जयराम महतो समेत चार आरोपियों को अग्रिम जमानत मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
















