धनबाद : उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को तोपचांची प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण की शुरुआत ब्राह्मणडीहा पंचायत स्थित चरकोनिया तालाब एवं बड़का तालाब से की गई। इस दौरान डीडीसी ने तालाब के मेढ़ पर शीघ्र वृक्षारोपण कराने, इनलेट की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा तालाब के बीच मौजूद बोल्डर को ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अविलंब हटाने का निर्देश दिया। साथ ही योजनास्थल पर शिलापट्ट लगाने को भी कहा गया।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सहुबहियार एवं मध्य विद्यालय चिरूडीह का निरीक्षण किया। संबंधित संवेदक को निर्माण कार्य जल्द पूरा कर विद्यालय प्रबंधन को हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया। विद्यालय परिसरों में मौजूद गड्ढों में मिट्टी भराई कराने को कहा गया। वहीं मध्य विद्यालय चिरूडीह में नव निर्मित बालिका शौचालय में पानी की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मुखिया को 15वें वित्त आयोग मद से जल कनेक्शन कराने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने तोपचांची स्थित प्रोजिनी नर्सरी का भी भ्रमण किया और उद्यान पदाधिकारी को मॉडल डीपीआर तैयार कर इसे आदर्श उद्यान के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सुकुडीह एवं घुंगसा पंचायत में मत्स्य पालन योजनाओं से लाभान्वित लाभुकों के यहां संचालित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया तथा लाभुकों से संवाद कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान कृषि विभाग की योजनाओं के तहत खेसमी पंचायत में संचालित ड्रिप सिंचाई, सोलर पंप एवं प्रोटेक्टेड हॉर्टिकल्चर योजनाओं का भी निरीक्षण किया गया। वहीं तोपचांची स्थित प्री-फेब्रिकेटेड डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द आम जनता के लिए सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया।
डीडीसी ने तोपचांची जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गुनगुसा एवं सुकुडीह गांव में अधिष्ठापित बायोफ्लॉक तालाब, 7 टैंक बायोफ्लॉक तथा खदान में संचालित केज कल्चर योजनाओं का जायजा लिया।
भ्रमण के अंतिम चरण में चालकारी पंचायत में जिला परिषद मद से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित संवेदक को कड़ी फटकार लगाई तथा गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर भविष्य में कार्य आवंटित नहीं किए जाने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
















