धनबाद : DAV Public School Koyla Nagar के जूनियर विंग में मातृ दिवस का आयोजन बेहद उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। इस खास अवसर पर विद्यालय परिसर मातृत्व के सम्मान और बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जहां कक्षा 3 और 4 के विद्यार्थियों ने गीत, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कक्षा 3 के विद्यार्थियों की माताओं ने विद्यालय परिसर में अपनी स्नेहमयी उपस्थिति दर्ज कराई। विद्यालय प्रबंधन की ओर से माताओं के लिए कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान माताओं और बच्चों के बीच प्रेम, स्नेह और आत्मीयता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित गतिविधियों ने माताओं को विशेष सम्मान और अपनापन महसूस कराया।
कार्यक्रम में विद्यालय की नवनिर्वाचित प्रधानाचार्या Dolonchampa Banerjee ने सभी माताओं का स्वागत करते हुए मातृत्व के महत्व और बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विंग प्रभारी पापिया चटर्जी, कक्षा 3 एवं 4 के शिक्षकों, कला शिक्षक सचिन कुमार और संगीत शिक्षक इंद्रनील मित्रा की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में माताओं ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी भावनाएं व्यक्त करने का मंच मिलता है और विद्यालय से उनका जुड़ाव भी मजबूत होता है।
















