धनबाद: दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों, मंदिरों, पूजा पंडालों और छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिलेवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
SSP ने लोगों से बाजारों में सतर्क रहने और मोबाइल, पर्स व कीमती सामानों का ध्यान रखने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाना या डायल 112 पर देने को कहा गया है।
व्यापारियों से बड़ी नकदी का लेन-देन या परिवहन अकेले नहीं करने की अपील की गई है। जरूरत पड़ने पर पुलिस एस्कॉर्ट की सहायता लेने की सलाह दी गई है।
SSP ने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धनबाद पुलिस 24 घंटे जनता की सुरक्षा के लिए तैयार है।
















