धनबाद : IIT (ISM) धनबाद और Martin Engineering के बीच छात्राओं की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू साइनिंग कार्यक्रम संस्थान के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) प्रो. संजय मंडल ने की।
समझौते के तहत Martin Engineering अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के माध्यम से IIT (ISM) की 10 मेधावी छात्राओं को हर साल कुल ₹5 लाख की स्कॉलरशिप देगी। इस पहल का विशेष लाभ आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों से आने वाली छात्राओं को मिलने की बात कही गई है।
इस स्कॉलरशिप का उद्देश्य आर्थिक परेशानियों के कारण छात्राओं की पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को कम करना और उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही तकनीकी और STEM क्षेत्रों में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
इस अवसर पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के लीड कोऑर्डिनेटर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर प्रो. अजित कुमार ने कहा कि उद्योग जगत की ऐसी पहल आर्थिक रूप से जरूरतमंद मेधावी छात्राओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। इससे छात्राओं को अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग मिलेगा।
Martin Engineering की ओर से जनरल मैनेजर–Martin India अश्विनी खुंटे, नेशनल सेल्स हेड दीपक सरदेसाई, फाइनेंस हेड तुषार मोदी, ऑपरेशंस हेड देबज्योति डे और रीजनल मैनेजर राजेश पटनायक मौजूद रहे।
वहीं IIT (ISM) की ओर से प्रो. संजय मंडल, प्रो. अजित कुमार, प्रो. निरंजन कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
IIT (ISM) और Martin Engineering के बीच हुआ यह सहयोग उद्योग और शिक्षा जगत के बीच साझेदारी को मजबूत करने के साथ छात्राओं की उच्च शिक्षा, समावेशी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
















