धनबाद: मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में लोगों ने जमीन विवाद, धोखाधड़ी, आवास, पेंशन, प्रमाण पत्र और अन्य मामलों को लेकर आवेदन सौंपे।
जनता दरबार में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज, प्रधानमंत्री आवास योजना, मकान व फ्लैट दिलाने के नाम पर कथित ठगी, जमीन विवाद, जन्म प्रमाण पत्र, पेंशन तथा सीएनटी जमीन पर कथित जबरन कब्जे से संबंधित मामले सामने आए।
इसके अलावा निरसा हटिया मोड़ और सिनेमा हॉल मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती तथा चिकित्सा सहायता से जुड़े मामलों को लेकर भी लोगों ने आवेदन दिया।
डीसी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अभिलेख और दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं आवास, पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, वेतन और चिकित्सा सहायता से संबंधित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और उसकी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
















