धनबाद: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को गोविंदपुर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दाखिल-खारिज के लंबित मामलों, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्रों के निष्पादन, कार्यालय अभिलेखों और सेवा पुस्तिकाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रमंडलीय आयुक्त ने सरकारी भूमि की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अंचल प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने और सरकारी भूमि की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं की त्रुटिरहित सूची तैयार करने तथा डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि SIR जैसे महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी बीएलओ या वालंटियर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, गोविंदपुर के अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा, प्रभारी अंचल निरीक्षक नेहा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
















