रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक व्यापक बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, 5 से 9 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, पलामू, पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 7 अगस्त से भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की अपील की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 5 से 8 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद 8 और 9 अगस्त से वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
















