बेरमो: गोमिया प्रखंड की स्वांग उत्तरी पंचायत स्थित स्वांग पुराना माइनर्स कोनार नदी छठ घाट पर मंगलवार सुबह अर्घ्य के दौरान एक महिला तेज बहाव में बहने लगी। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में लोगों को लगा कि महिला पानी में तैर रही है। लेकिन जब उसने हाथों से इशारा किया, तब लोगों को उसके डूबने का एहसास हुआ। इसके बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान बिहार से अपने रिश्तेदार के घर आए दो युवकों ने नदी में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला के सकुशल बचने पर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और दोनों युवकों के साहस की सराहना की।
समय रहते हुए बचाव कार्य से छठ घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया।
















